
संजय गुप्ता/रामानुजगंज@ जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी को रोकना वनरक्षक को भारी पड़ गया। आरोप है कि लकड़ी ले जा रहे दंपती ने वनरक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सागौन का लट्ठा उसके सिर पर पटक दिया। हमले में वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला रामानुजगंज वन परिक्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वन वाटिका के पास एक महिला और पुरुष जंगल की ओर से सागौन का लट्ठा लेकर आते दिखाई दिए। वनरक्षक ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
आरोप है कि इस दौरान मनोज भुईया और उसकी पत्नी मानमती भुईया, दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 15 रामानुजगंज, ने वनरक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने रास्ते से हट जाने और नहीं हटने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वनरक्षक के ऊपर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की।
लट्ठे की चोट से वनरक्षक पिंटू मालाकार के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 121(2), 132 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।



