संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में विवाद के बाद एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर भी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना राखी त्यौहार के दौरान बुढ़ाबगीचा महुआपारा क्षेत्र में हुई। आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा (21 वर्ष) का आहत सिद्धांत के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सिद्धांत अपने भाई को घटना की जानकारी देने चला गया। रात करीब 8:15 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और कथित तौर पर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।
आग लगने से सिद्धांत के शरीर पर जलने की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रार्थी और गवाहों के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण तथा आरोपी के कथन के आधार पर घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर बरामद किया गया।
मामले में थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा को हिरासत में लिया। घायल सिद्धांत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।