शहीद परिजनों को शाल-श्रीफल देकर किया सम्मानित, समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन!
डेक्स_बलरामपुर@ जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रक्षित केंद्र बलरामपुर में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने देशभर में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के नामों का वाचन किया। शहीद स्मारक पर सम्मान सूची स्थापित कर सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों और शहीद परिजनों ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिजनों को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद दोनों अधिकारियों ने शहीद परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा यथासंभव शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में शहीद परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके निवास तक पहुंचाया गया।