![]()
संजय गुप्ता/शंकरगढ़@ भारतीय जनता पार्टी मंडल शंकरगढ़ द्वारा आयोजित प्रगति पथ यात्रा के अंतर्गत ग्राम धारानगर, हरिनलेटा एवं बेलकोना में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी तथा हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी।
यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। वहीं ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं प्रगति पथ यात्रा के जिला संयोजक आनंद जायसवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रगति पथ यात्रा के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती चिन्तामणि भगत, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैकरा, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश अग्रवाल सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सैकड़ों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए अपने अनुभव साझा किए। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रगति पथ यात्रा जनता और सरकार के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रही है, जिससे लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे समझने का अवसर मिल रहा है।