![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। थाना बसंतपुर पुलिस ने एंड-टू-एंड (E2E) कार्रवाई के दौरान करीब 1941.110 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये तथा ट्रक की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। कुल मिलाकर लगभग 10.50 करोड़ रुपये की मशरूका बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के दौरान थाना बसंतपुर पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली थी कि गांजा तस्करी से जुड़े आरोपी क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसी सूचना पर 11-12 जून की दरम्यानी रात बसंतपुर पुलिस ने एक संदिग्ध टाटा ट्रक क्रमांक RJ 14 GU 9078 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 1941 किलो 110 ग्राम पाया गया।

मौके से पुलिस ने दो आरोपियों लोकेश शर्मा (46 वर्ष), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश तथा आमिम अंसारी (23 वर्ष), निवासी मुजफ्फरपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा पूर्व में भी गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में नामजद रहा है। वर्ष 2025 में थाना बसंतपुर पुलिस ने एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया था, जिसमें लोकेश शर्मा मुख्य आरोपी था। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी का सिंडिकेट संचालित करता था और लगातार पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।