![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियों चौकी के धौरपुर रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई.. हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग शुरू कर दी..
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बोल्डर लोड एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया.. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक मृतक की पहचान गंभीर तिग्गा (55 वर्ष) निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है.. बताया जा रहा है कि वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे हाइवा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया..
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.. शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाना है.. हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला.. ग्रामीण गुरुवार शाम से ही धौरपुर रोड पर सड़क जाम कर बैठे हुए हैं और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है..
स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी मामले पर नजर रखी जा रही है..