![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ के आह्वान पर बुधवार को जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपनी वेतनमान संबंधी मांगों को लेकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश के सभी जिलों में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रैली निकालकर अपनी मांग शासन तक पहुंचाई जा रही है। संघ का कहना है कि राज्य स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय द्वारा लिए गए निर्णय, स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश तथा भारत सरकार के प्रचलित दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेतनमान संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाने के बजाय अलग प्रस्ताव भेजा गया, जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों में असंतोष व्याप्त है।
संघ के जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शासी निकाय द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव को पीआईपी (PIP) के माध्यम से पुनः भारत सरकार को भेजने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह मुद्दा केवल वेतनमान तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन के निर्णयों के क्रियान्वयन, प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही, सुशासन तथा हजारों सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वैधानिक एवं सेवा संबंधी अधिकारों से भी जुड़ा हुआ है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि वे अपनी अनुशंसा सहित ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित करें, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक एवं न्यायोचित निर्णय लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जा सके।