![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो चचेरे भाइयों ने अपने ही बड़े पिता के बेटे की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार 20 जुलाई को ग्राम राधानगर में जमीन विवाद को लेकर मृतक जय करण सिंह जगते का सामना उसके चचेरे भाइयों बृजमोहन जगते (26 वर्ष) और हरिमोहन जगते (23 वर्ष) से हुआ। दोनों आरोपियों ने रास्ते में रोककर कथित तौर पर कहा कि “जमीन विवाद कब तक करोगे”, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि कहासुनी के दौरान दोनों भाइयों ने जय करण सिंह जगते पर हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और इसकी सूचना तत्काल त्रिकुंडा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।