![]()
संजय गुप्ता/ बलरामपुर(चांदो)@ बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र में स्कूल परिसर के अंदर लावारिस अवस्था में बड़ी संख्या में स्कूल ड्रेस मिलने के मामले को जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.. मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है..
जानकारी के अनुसार, चांदो क्षेत्र के एक स्कूल परिसर के भीतर बड़ी मात्रा में सरकारी स्कूलों की ड्रेस बिखरी हुई हालत में मिली थी.. यह ड्रेस कूड़े के ढेर जैसी स्थिति में पड़ी थी, जिससे पूरे मामले में लापरवाही और अनियमितता की आशंका जताई जा रही है..
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही है.. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल परिसर में बने एक भवन में अज्ञात चोरों ने घुसने की कोशिश की थी.. दरवाजे और ताले तोड़े गए थे, हालांकि की समाचार लिखे जाने तक चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी है.. शिक्षा विभाग की जांच के अनुसार कमरे के अंदर ड्रेस और फर्नीचर बिखरे हुए मिले..
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह जांच का विषय है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में ड्रेस वहां कैसे पड़ी रही.. यह ड्रेस पुराना स्टॉक था, समय पर वितरण नहीं हुआ, या जरूरत से ज्यादा खरीदी की गई—इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है..
उन्होंने यह भी कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.. फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी..