![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है..
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को पश्चिमपारा निवासी सुरदू बिरिजिया ने थाना सामरीपाठ में सूचना दी थी कि उसकी 40 वर्षीय बहन बजंती बिरिजिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है.. सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की..
जांच के दौरान पता चला कि 10 जून को आरोपी अर्जुन राम उर्फ टावर नगेसिया और उसकी पत्नी बजंती बिरिजिया अलग-अलग साप्ताहिक बाजार गए थे.. बाजार से लौटने के दौरान गांव के कुछ लोगों ने आरोपी को बताया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखी गई.. इसके बाद आरोपी वहां पहुंचा और पत्नी को एक व्यक्ति के साथ देखकर चरित्र शंका में आ गया..
पुलिस के अनुसार आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी के साथ हाथ-मुक्के, पैर और डंडे से बेरहमी से मारपीट की.. गंभीर चोट लगने से 11 जून को महिला की मौत हो गई..
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया.. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अर्जुन राम उर्फ टावर नगेसिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया..
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली.. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 13 जून को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया..