![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट एवं लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी पुलिस की नाकाबंदी से बचकर फरार हो गए थे, लेकिन लगातार पतासाजी और विशेष टीम की कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोती श्री बस को रोककर उसके चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट तथा लूटपाट की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बोलेरो वाहन में सवार होकर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बलरामपुर पुलिस ने आसपास के सभी सरहदी थानों को अलर्ट करते हुए नाकाबंदी कराई और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि आरोपी रात के अंधेरे और जंगल क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार होने में सफल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता (30 वर्ष) निवासी भवानीपुर, थाना रामानुजगंज को थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के नाम बताए।
इसके बाद पुलिस ने प्रिंस कुमार दूबे (27 वर्ष) निवासी तेतरडीह, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू (21 वर्ष) निवासी धनगांव तथा दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ (20 वर्ष) निवासी नवाडीह को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की। सभी आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक UP64AT6717 जब्त कर लिया है। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों आरोपियों को 13 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूट और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी..
• जितेन्द्र गुप्ता (30 वर्ष), निवासी भवानीपुर, थाना रामानुजगंज
• प्रिंस कुमार दूबे (27 वर्ष), निवासी तेतरडीह, थाना रामानुजगंज
• चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू (21 वर्ष), निवासी धनगांव, थाना रामानुजगंज
• दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ (20 वर्ष), निवासी नवाडीह, चौकी तातापानी