![]()
“एक ही स्कूटी, दो शहर… कीमत में 6 हजार का अंतर, युवती ने उठाए सवाल”
हरकीरत सिंह(बॉबी)/ सीतापुर@ अवैध शराब और अवैध बालू खनन की चर्चाओं के बीच अब सीतापुर में उपभोक्ताओं से कथित रूप से अधिक कीमत वसूले जाने का मामला भी सामने आया है। गांव के भोले-भाले ग्राहकों को कम्पनी द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक रकम चुकानी पड़ रही है या नहीं, यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को सीतापुर क्षेत्र की निवासी रूपा चौहान (उम्र 25 वर्ष) स्कूटी खरीदने के लिए एक स्थानीय दोपहिया वाहन शोरूम पहुंचीं। रूपा का कहना है कि उन्हें टॉप मॉडल जुपिटर स्कूटी की कीमत लगभग 1 लाख 22 हजार रुपये बताई गई। ग्रामीण क्षेत्र की ग्राहक होने के नाते उन्होंने शोरूम द्वारा बताई गई कीमत पर भरोसा किया और वाहन खरीदने की सहमति भी दे दी।

हालांकि, पसंदीदा रंग उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वाहन खरीदने के लिए अंबिकापुर टी वी एस कम्पनी के शो रूम जाना पड़ा। वहां पहुंचने पर उन्हें अपनी पसंद का रंग तो मिला ही, साथ ही वाहन की कीमत की जानकारी भी मिली। रूपा का दावा है कि यदि वही स्कूटी सीतापुर से खरीदी जाती तो उन्हें लगभग 6 हजार रुपये अधिक चुकाने पड़ते।
रूपा चौहान ने “अचूक प्रहार ” के संवाददाता हरकीरत सिंह(बॉबी) से बातचीत में कहा..
“मैं नहीं चाहती कि गांव की अन्य लड़कियां और अनजान ग्राहक बिना जानकारी के अधिक कीमत चुकाएं। खरीदारी से पहले हर व्यक्ति को अलग-अलग शोरूम में कीमत की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए।”
इस मामले के सामने आने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं के बीच वाहन और अन्य वस्तुओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि कम्पनी द्वारा निर्धारित मूल्य और स्थानीय स्तर पर ली जा रही कीमत में अंतर है, तो इसकी जांच होनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की आर्थिक हानि ना हो।