![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के चलगली थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुँवर धाम में शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव नदी में तैरता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान कछिया निवासी विमलेश वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विमलेश पिछले दो दिनों से लापता था। वह बाबा बच्छराज कुँवर धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले बकरों की बाली काटने का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार, युवक की बाइक पहले श्रद्धालुओं के पास मिली थी, जिससे मामला शुरू से ही संदिग्ध माना जा रहा था। इसके बाद शनिवार को उसका शव नदी में तैरता हुआ मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना पर चलगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद बाबा बच्छराज कुँवर धाम और आसपास के क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।