![]()
डेस्क_बलरामपुर/राजपुर@ बीते दिन हाथी के हमले से एक व्यक्ति की जान चली गई दरअसल जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत उप परिक्षेत्र बरियों के परिसर रेवतपुर स्थित वन कक्ष क्रमांक पी-2556 के नवापारा गांव में शुक्रवार रात जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग, हाथी मित्र दल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले तीन से चार माह से चार जंगली हाथियों का एक दल राजपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात दल से बिछड़ा एक हाथी महुआ की गंध से आकर्षित होकर नवापारा निवासी बालमसाय टेकाम के घर के पीछे पहुंच गया और मकान का पिछला हिस्सा तोड़ने लगा। उस समय घर के भीतर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

परिजनों को बचाने के प्रयास में बालमसाय टेकाम घर से बाहर निकलकर सड़क की ओर भागे, लेकिन तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच घर से लगभग 150 मीटर दूर हाथी ने उन्हें पकड़ लिया और बुरी तरह कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, हाथी मित्र दल और राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की, वहीं वन विभाग ने वन्य प्राणी क्षति प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग ने मृतक की पत्नी नगमतिया बाई को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए हैं। विभाग ने बताया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पूरी मुआवजा का वितरण किया जाएगा !