![]()
संजय गुप्ता/वाड्राफनगर@ बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं.. हादसे में स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं.. घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्थित अपने विद्यालय जा रही थीं.. इसी दौरान मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं..

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिक्षिका को वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है..
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया.. सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है..
इस दर्दनाक घटना के बाद स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.. वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है..