![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत वन वाटिका रामानुजगंज में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नौका विहार का शुभारंभ किया.. साथ ही बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क की भी सौगात दी गई, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.. इस पहल से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे..
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि लोगों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार से ही वास्तविक प्रगति संभव है.. उन्होंने युवाओं की मांग पर वन वाटिका परिसर में ओपन जिम स्थापित करने का आश्वासन दिया.. साथ ही बच्चों के खेल विस्तार और आगंतुकों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही..
मंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर नौका संचालन की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.. उन्होंने बच्चों के लिए पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और पूरे परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने पर जोर दिया.. साथ ही महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर रोजगार के नए अवसर विकसित करने की बात कही..
वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने बताया कि वन वाटिका रामानुजगंज तेजी से एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है.. लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस क्षेत्र में 5 एकड़ में विकसित वन वाटिका का संचालन वर्ष 2009 से वन प्रबंधन समूह के माध्यम से किया जा रहा है.. वर्तमान में इसकी जिम्मेदारी विश्वास महिला स्व-सहायता समूह को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिल रहा है..
उन्होंने बताया कि यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न झूले लगाए गए हैं और भविष्य में और सुविधाएं विकसित की जाएंगी.. नौका विहार एवं प्रवेश के लिए निर्धारित शुल्क तय किए गए हैं, जिससे व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी रहे..
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने विश्वास महिला स्व-सहायता समूह को उत्कृष्ट प्रबंधन एवं महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.. इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे..