![]()
वाड्रफनगर/बलरामपुर@ जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से एक गर्भवती महिला की रास्ते में सुरक्षित प्रसूति कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वाड्रफनगर से एक गर्भवती महिला को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया था।
मरीज को लेकर एम्बुलेंस अंबिकापुर की ओर जा रही थी, तभी खड़हरा जंगल के पास महिला को अचानक प्रसव पीड़ा तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी नंदन कुमार शर्मा ने तत्काल आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की। दोपहर लगभग 12:05 बजे एम्बुलेंस में ही महिला की सफल और सुरक्षित डिलीवरी कराई गई।
प्रसूति के बाद ईएमटी द्वारा नवजात शिशु का सक्शन किया गया, नाल पर कॉर्ड क्लैम्प लगाकर उसे सुरक्षित तरीके से काटा गया तथा शिशु को आवश्यक वार्म केयर प्रदान की गई। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित रूप से वापस वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
समय पर मिली चिकित्सा सहायता और ईएमटी की तत्परता के कारण जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस सफल आपातकालीन प्रसूति को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी 108 एम्बुलेंस टीम की सराहना की है।