![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उदेश्वरी पैकरा की मांग पर कुसमी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। वर्षों से बंद पड़े अपर कलेक्टर न्यायालय लिंक कोर्ट को पुनः संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है। इससे कुसमी एवं आसपास के ग्रामीणों को न्यायिक एवं राजस्व संबंधी मामलों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जानकारी के अनुसार विधायक उदेश्वरी पैकरा ने 12 जून 2026 को कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि वर्ष 2008 तक कुसमी में नियमित रूप से अपर कलेक्टर न्यायालय लिंक कोर्ट लगाया जाता था, लेकिन बाद में यह व्यवस्था बंद हो गई। इसके कारण क्षेत्रवासियों को अपील, पुनरीक्षण एवं अन्य राजस्व मामलों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही थी।

अपने पत्र में विधायक ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों द्वारा लगातार उठाई जा रही इस मांग का उल्लेख करते हुए कुसमी में प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन अपर कलेक्टर न्यायालय लिंक कोर्ट संचालित करने की मांग की थी।
विधायक की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता को राजपुर लिंक कोर्ट के साथ-साथ प्रत्येक बुधवार को कुसमी में लिंक कोर्ट/कैम्प कोर्ट संचालित करने के लिए अधिकृत किया गया है। यहां अधीनस्थ न्यायालयों के निर्णयों के विरुद्ध अपील, पुनरीक्षण तथा विभिन्न राजस्व प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस निर्णय से कुसमी, सामरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने विधायक उदेश्वरी पैकरा और जिला प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण जनहितकारी निर्णय बताया है।