![]()
डेस्क_अचूक प्रहार@ जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है.. कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम बेबड़ी में विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसमें एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया गया तथा कोटपा अधिनियम के तहत 8 लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत दीक्षित के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया.. अभियान के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई..
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन कर कोटपा अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 8 व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई.. साथ ही उन्हें तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक भी किया गया..
इसी क्रम में ग्रामीणों के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में संचालित एक अवैध क्लीनिक का निरीक्षण किया गया.. आवश्यक दस्तावेज एवं वैधानिक अनुमति नहीं पाए जाने पर क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया..
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.. जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़, अनधिकृत चिकित्सकीय गतिविधियां और कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.. उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी..