![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ “अचूक प्रहर” में खबर प्रकाशित करने के बाद एक बार फिर से खबर का असर देखने को मिला है.. बलरामपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत भेलवाड़ीह के पंचायत सचिव विष्णुपद मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.. यह कार्रवाई ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनाने के एवज में पैसे की मांग से जुड़े कथित वायरल ऑडियो और जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है..
जारी आदेश के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में वायरल हुए ऑडियो में पंचायत सचिव पर ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए 200 रुपये की मांग करने का आरोप सामने आया था.. मामले की जांच के लिए जनपद पंचायत स्तर पर दो सदस्यीय जांच दल गठित किया गया.. जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया..
पंचायत सचिव द्वारा 17 जुलाई 2026 को प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण किया गया, लेकिन उसे संतोषजनक नहीं माना गया.. इसके बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए..
निलंबन अवधि के दौरान विष्णुपद मंडल का मुख्यालय जनपद पंचायत बलरामपुर निर्धारित किया गया है.. साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी..
आदेश में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायत भेलवाड़ीह एवं अतिरिक्त प्रभार ग्राम पंचायत बरदर के कार्यों के सुचारु संचालन के लिए निकटवर्ती पंचायत के सचिव को अतिरिक्त प्रभार सौंपने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए..
इस कार्रवाई को पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रशासन की सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है..