![]()
संजय गुप्ता/ बलरामपुर@ बलरामपुर जिले में अपराध जांच को आधुनिक और वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.. शुक्रवार 23 मई 2026 को पुलिस लाइन बलरामपुर के परेड ग्राउंड में सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ किया गया.. यह वाहन भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग की पहल के तहत जिले को उपलब्ध कराया गया है..
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर वाहन का शुभारंभ किया.. इस दौरान कलेक्टर बलरामपुर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर एवं वन मंडल अधिकारी श्री आलोक वाजपेयी की गरिमामयी उपस्थिति रही.. अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर फॉरेंसिक मोबाइल वाहन को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से लैस यह मोबाइल वाहन अपराध जांच में मील का पत्थर साबित होगा.. इसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण, साक्ष्य संरक्षण, डिजिटल डेटा अधिग्रहण, फिंगरप्रिंट विकास, नारकोटिक्स परीक्षण तथा “चेन ऑफ कस्टडी कम्प्लायंट एविडेंस पैकेजिंग” जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं तत्काल की जा सकेंगी..
उन्होंने बताया कि अब पुलिस को प्रारंभिक जांच के लिए लंबी प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे गंभीर अपराधों की जांच अधिक सटीक और तेज होगी.. इससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी और न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी बनेगी.. जिले में फॉरेंसिक मोबाइल वाहन की शुरुआत को पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह सुविधा “सटीक जांच, त्वरित न्याय और सुरक्षित समाज” के लक्ष्य को मजबूत करेगी..