![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण पहल की है.. उन्होंने विष्णुदेव साय और गजेंद्र यादव को पत्र लिखकर डाईट का संचालन विकासखंड कुसमी में ही शुरू किए जाने की मांग की है..
विधायक ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि वर्तमान में डाईट का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलरामपुर से किया जा रहा है, जो शासन के निर्देशों के विपरीत है.. उन्होंने बताया कि सामरी विधानसभा अंतर्गत विकासखंड कुसमी में स्थित शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का उन्नयन कर डाईट के रूप में विकसित किया गया है और इसका भवन भी पूरी तरह तैयार हो चुका है..

इसके बावजूद संस्थान का संचालन कुसमी के बजाय बलरामपुर से किया जाना नियमों के अनुरूप नहीं है.. विधायक ने शासन से आग्रह किया है कि आदेशानुसार डाईट का संचालन कुसमी में ही प्रारंभ किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके.. उन्होंने कहा कि यदि डाईट कुसमी में संचालित होता है तो शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जिला मुख्यालय या दूरस्थ स्थानों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी.. साथ ही प्रशिक्षण का सीधा सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षण गुणवत्ता पर पड़ेगा..
विधायक उद्देश्वरी पैकरा की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है..