
![]()
हरकीरत सिंह(बॉबी)सीतापुर@ काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लगभग एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी तथा नगर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में व्यापारी संघ, सीतापुर ने 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को नगर बंद, चक्काजाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है।
व्यापारी संघ द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि नगर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। इसी के विरोध में शुक्रवार सुबह 8:00 बजे से सीतापुर नगर पूरी तरह बंद रखा जाएगा। संघ ने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
व्यापारी संघ ने समस्त नगरवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपना समर्थन देने का आग्रह किया है। संघ का कहना है कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि नगर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा जनहित का मुद्दा है।
व्यापारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। व्यापारी संघ ने “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारे के साथ सभी नागरिकों से आंदोलन में सहभागिता की अपील की है।





