डेस्क_अचूक प्रहार@ सरगुजा जिले के सीतापुर में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। मामले में सरगुजा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। एक ओर विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 13-14 समर्थकों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत अपराध कायम किया गया है।
जानकारी के अनुसार विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी पर जातिगत गाली-गलौज, अश्लील इशारे करने, अभद्र व्यवहार तथा धक्का-मुक्की कर कार्यालय से जबरन बाहर निकालने का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 79 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार यह धाराएं महिला उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार से संबंधित हैं।

वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कार्यालय में हंगामा किया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक सहित अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 121(1), 191(2) तथा 132 के तहत एफआईआर दर्ज की है। इन धाराओं में गैर जमानती प्रावधान शामिल बताए जा रहे हैं।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज होने के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। घटना को लेकर प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।