![]()
संजय गुप्ता/अंबिकापुर@ भारतीय जनता पार्टी के महामाया मंडल अंतर्गत गांधीनगर शक्ति केंद्र की मासिक बैठक उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान की प्रगति तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री श्रीमती अरुण सिंह, महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती शुभांगी बिहारी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक-3 के पार्षद एवं मंडल महामंत्री निरंजन राय, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अविनाश मंडल तथा वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू सोनी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद स्थापित करने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।
बैठक में शक्ति केंद्र एवं विभिन्न बूथों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करते हुए पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन उत्साह, ऊर्जा और संगठन के प्रति दृढ़ निष्ठा के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी समय में अधिक सक्रियता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी निभाने का विश्वास जताया।